बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों भारत में अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। काम के साथ-साथ वह परिवार के खास पलों को भी सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी बेटी मालती मैरी का एक बेहद प्यारा वीडियो शेयर किया है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
मम्मी के सुपरहिट गाने पर झूमीं मालती मैरी
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी बेटी मालती मैरी फिल्म ‘गुंडे’ के लोकप्रिय गीत ‘तूने मारी एंट्रियां’ पर खुशी-खुशी झूमती नजर आ रही हैं। वीडियो में मालती गाने की धुन का आनंद लेती दिखाई देती हैं, जबकि पास में उनके पिता निक जोनस भी मौजूद नजर आते हैं।
इस खास पल को साझा करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, “Who would’ve thought?” यानी “किसने सोचा होगा?”। उनका यह कैप्शन फैंस को काफी भावुक कर रहा है।
आज भी पसंद किया जाता है ‘तूने मारी एंट्रियां’
साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘गुंडे’ का गाना ‘तूने मारी एंट्रियां’ आज भी पार्टियों और शादी समारोहों की पसंदीदा प्लेलिस्ट में शामिल है। इस गाने में प्रियंका चोपड़ा के साथ रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर नजर आए थे। गीत को विशाल ददलानी, केके, नीति मोहन और बप्पी लाहिड़ी ने अपनी आवाज दी थी और रिलीज के बाद यह बड़ा चार्टबस्टर साबित हुआ था।
भारत में फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग कर रहीं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग के लिए भारत में हैं। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म में प्रियंका ‘मंदाकिनी’ नाम का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में फिल्म से उनका दमदार पोस्टर सामने आया था, जिसमें वह साड़ी पहने हाथ में बंदूक लिए नजर आई थीं। जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
