जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के कुपाकानी गांव में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकारी योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
साइकिलों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलें वितरित की जा रही थीं। इसी दौरान रवि भगत मौके पर पहुंचे और वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि छात्राओं को दी जा रही साइकिलें निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग
रवि भगत ने आरोप लगाया कि सरकारी योजना के नाम पर घटिया गुणवत्ता की साइकिलें वितरित की जा रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने छात्राओं से साइकिलें वापस करने की अपील भी की, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बन गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में
स्कूल परिसर में हुए हंगामे के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रवि भगत को हिरासत में ले लिया। रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
