सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की समीक्षा बैठक, अपैक्स और जिला सहकारी बैंकों को दिए बड़े निर्देश

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की समीक्षा बैठक, अपैक्स और जिला सहकारी बैंकों को दिए बड़े निर्देश

छत्तीसगढ़ में सहकारिता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को अपैक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और किसानों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी बैंक किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी बैंक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर दिया जोर

समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं में तकनीक का अधिक उपयोग करने और उपभोक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सहकारी संस्थाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है सहकारिता

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बेहतर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान

मंत्री ने अपैक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं मिलकर काम करें, ताकि प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी बन सके तथा किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *