CM विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में टेका माथा, बोले- सनातन परंपरा हमारी सबसे बड़ी ताकत

CM विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में टेका माथा, बोले- सनातन परंपरा हमारी सबसे बड़ी ताकत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ विश्वप्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान में भी भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर उन्होंने छत्तीसगढ़ की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और लोकमंगल की प्रार्थना की।

भोरमदेव हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भोरमदेव धाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के वैदिक महाअनुष्ठान न केवल प्राचीन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं।

श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों पर होगी पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 जुलाई से भगवान शिव की आराधना का पावन श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों की तरह इस वर्ष भी वे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ भोरमदेव धाम पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवंत परंपरा का प्रतीक है तथा श्रद्धालुओं का सम्मान करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

25 जुलाई से चल रहा है पंच दिवसीय महाअनुष्ठान

गौरतलब है कि श्री महादिव्य देशम फाउंडेशन के तत्वावधान में 25 जुलाई से यह पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कबीरधाम सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की भावना को मजबूत करना है।

फाउंडेशन के प्रमुख राजीव राकुल स्वामी (केरल) के अनुसार यह अनुष्ठान प्राण-प्रतिष्ठित मंदिरों के शुद्धिकरण और दिव्य ऊर्जा के पुनर्संचार की प्राचीन वैदिक परंपरा पर आधारित है। इसे भगवान परशुराम स्रोतम और आगम शास्त्रों में वर्णित विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है।

जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद

इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वैदिक आचार्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की आराधना और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का भी आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *