दिल्ली सरकार की बड़ी सौगात, 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल देगी सरकार

दिल्ली सरकार की बड़ी सौगात, 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल देगी सरकार

छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल छोड़ने की बढ़ती समस्या को कम करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने ‘विद्या वाहिनी’ योजना शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करेंगी। इसके तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का मानना है कि कई छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में दूरी और परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नई योजना इन चुनौतियों को कम करने और छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

पहले चरण में 3,000 छात्राओं को मिलेगी साइकिल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में योजना की शुरुआत करेंगी। पहले चरण में 3,000 छात्राओं को मुफ्त साइकिल वितरित की जाएगी।

दिल्ली सरकार ने अगले एक महीने के भीतर करीब 1.40 लाख छात्राओं तक चरणबद्ध तरीके से साइकिल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

सरकार का कहना है कि मुफ्त साइकिल मिलने से छात्राओं का स्कूल आने-जाने का समय बचेगा, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। साथ ही परिवारों पर परिवहन का आर्थिक बोझ भी कम होगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि राज्य की कोई भी बेटी केवल दूरी, संसाधनों की कमी या परिवहन की समस्या के कारण अपनी शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ केवल एक साइकिल नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *