मध्य प्रदेश के शहडोल में एक पालतू तोते के लापता होने के बाद पूरा परिवार उसे ढूंढने में जुटा हुआ है। परिवार के लिए ‘गोपी’ सिर्फ एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि घर का सदस्य है। यही वजह है कि उसे वापस लाने के लिए परिवार ने 21 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्य गोपी की सुरक्षित वापसी के लिए व्रत और पूजा-पाठ भी कर रहे हैं।
बच्चों का चहेता था गोपी, अचानक उड़ गया
शहडोल जिला मुख्यालय में बाण गंगा मेला मैदान के पास रहने वाले रिटायर्ड आर्मी कर्मी चंदन मिश्रा के परिवार का पालतू तोता गोपी शनिवार दोपहर अचानक घर से उड़ गया। परिवार के मुताबिक, दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गोपी बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से बाहर उड़ गया। इसके बाद काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। गोपी के अचानक गायब होने से परिवार के बच्चे काफी परेशान हैं। परिवार का कहना है कि वह लंबे समय से घर में सभी के साथ घुल-मिल गया था और बच्चों के साथ रोजाना खेलता था।
अमरकंटक से घर लाए थे गोपी को
चंदन मिश्रा के अनुसार, करीब एक साल पहले गोपी को अमरकंटक से घर लाया गया था। उस समय वह काफी छोटा था। धीरे-धीरे वह परिवार के साथ इतना घुल-मिल गया कि सभी उसे घर के सदस्य की तरह मानने लगे। गोपी के लापता होने के बाद परिवार ने उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में पोस्टर भी लगाए हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से उसकी जानकारी देने की अपील की जा रही है।

गोपी को ढूंढने वाले को मिलेगा ₹21 हजार
परिवार ने ऐलान किया है कि जो भी व्यक्ति गोपी को ढूंढकर घर तक पहुंचाएगा या उसकी सही लोकेशन की जानकारी देगा, उसे 21 हजार रुपये नकद इनाम दिया जाएगा। परिवार ने गोपी की पहचान के लिए उसकी कुछ खास विशेषताएं भी पोस्टर में बताई हैं। उसके गले में ब्लैक रिंग है, पूंछ का पिछला हिस्सा कटा हुआ है और उसका शरीर हरे रंग का है। परिवार के मुताबिक, गोपी वयस्क, मोटा और स्वस्थ है।
गोपी की वापसी के लिए व्रत और पूजा
तोते के प्रति परिवार का लगाव इस बात से भी समझा जा सकता है कि उसकी वापसी के लिए घर में व्रत और पूजा-पाठ किया जा रहा है। परिवार के मुताबिक सोमवार तक व्रत रखा जा रहा है। इसके बाद हवन-पूजन और रुद्राभिषेक कराने की भी तैयारी है। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही गोपी उन्हें वापस मिल जाएगा। चंदन मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को गोपी दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले, तो परिवार से संपर्क करें। फिलहाल सोशल मीडिया पर गोपी की तलाश से जुड़ा पोस्टर तेजी से शेयर किया जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि किसी की मदद से उनका प्यारा तोता जल्द घर वापस लौट आएगा।
