छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक में नवा रायपुर में ई-बस संचालन, रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन और अकलतरा बायपास सहित कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवा रायपुर में शुरू होगी ई-बस सेवा
बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (NRDA) के तहत बैटरी से चलने वाली एसी ई-बसों के संचालन से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इन बसों के डिजाइन, खरीद, सप्लाई, संचालन और रखरखाव के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की जानकारी समिति के सामने रखी। ई-बस सेवा शुरू होने से नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। बैठक में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन परियोजना पर चर्चा
लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव के तहत रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण पर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। प्रस्तावित सड़क की लंबाई करीब 37 किलोमीटर है। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं के साथ प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति को दी। इस मार्ग के फोरलेन बनने से क्षेत्र में आवागमन और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अकलतरा बायपास पर भी मंथन
जांजगीर-चांपा जिले में प्रस्तावित अकलतरा बायपास को लेकर भी समिति की बैठक में चर्चा हुई। करीब 6.70 किलोमीटर लंबे इस बायपास के निर्माण से संबंधित तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
