मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धेय स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और राष्ट्र, समाज तथा जनजातीय समुदाय के लिए उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव का पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। जनजातीय समाज के हितों की रक्षा, उनके स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता के लिए उन्होंने लंबे समय तक काम किया।

जनजातीय समाज के लिए किया महत्वपूर्ण कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति जूदेव की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें लोगों के बीच विशेष पहचान दिलाई। छत्तीसगढ़ की मिट्टी और यहां के लोगों के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा। विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में उन्होंने समाज को संगठित करने, लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी आवाज को मजबूती देने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है जूदेव का जीवन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति निष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर काम करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
