झारखंड के गढ़वा जिले में चोरी की एक घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया। चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैतीखैर गांव में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की रात बिलैतीखैर गांव में मुखलाल यादव और सुनील कुमार यादव के विद्युत मोटर पंप, सुरेंद्र पाल के जनरेटर का अल्टीनेटर और एक खड़े ट्रक से दो बड़ी बैटरियां चोरी हो गई थीं। इसके अलावा डीजल भी चोरी किया गया था।
शिकायत मिलते ही शुरू हुई जांच
घटना के बाद पीड़ितों ने चिनिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के अजय कुमार यादव और सोनु कुमार साव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर गांव में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया।
चोरी में इस्तेमाल सामान भी जब्त
पुलिस ने चोरी के सामान के साथ घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक, दो बड़े ब्लेड और एक सलाई रिंच भी जब्त किया है। बरामद सामान में विद्युत मोटर पंप, जनरेटर का अल्टीनेटर और ट्रक की बैटरियां शामिल हैं।
एक आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सोनु कुमार साव का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। चोरी की घटना का तेजी से खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी बिकु कुमार रजक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
