राजगिरा यानी अमरंथ या चौलाई को पोषक तत्वों से भरपूर अनाज माना जाता है। व्रत के दौरान इसका इस्तेमाल काफी आम है, लेकिन इसे सामान्य दिनों में भी डाइट में शामिल किया जा सकता है। राजगिरा के आटे से पराठा बनाना थोड़ा मुश्किल जरूर होता है, क्योंकि इसमें ग्लूटेन नहीं होता। ऐसे में आटा बेलते समय टूटने या पराठा सिकने के बाद सूख जाने की समस्या आती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो एक आसान ट्रिक काम आ सकती है। उबले आलू और गुनगुने पानी की मदद से राजगिरा के आटे को बेहतर बाइंडिंग दी जा सकती है। इससे पराठा बेलना आसान होगा और तैयार पराठा सॉफ्ट भी रहेगा।
राजगिरा का आटा क्यों टूटता है
गेहूं के आटे की तरह राजगिरा के आटे में ग्लूटेन नहीं होता। ग्लूटेन की कमी के कारण आटा आसानी से खिंचता नहीं है और बेलते समय टूटने या बिखरने लगता है। इसी वजह से राजगिरा का पराठा बनाते समय आटे को सही तरीके से बांधना सबसे जरूरी है। इसके लिए उबले आलू काफी मददगार साबित होते हैं।
आलू वाला राजगिरा पराठा बनाने के लिए सामग्री
- राजगिरा का आटा – 1 कप
- उबले आलू – 2 मध्यम आकार के
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
- हरा धनिया – बारीक कटा
- जीरा – ½ चम्मच
- सेंधा नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – जरूरत के अनुसार
- थोड़ा गुनगुना पानी
- घी या तेल – सेंकने के लिए
ऐसे तैयार करें आटा
सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें राजगिरा का आटा, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और सेंधा नमक डालें।
अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। पानी एक साथ ज्यादा न डालें, वरना आटा चिपचिपा हो सकता है। आटा तैयार होने के बाद इसे कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें।
पराठा बेलते समय रखें खास ध्यान
राजगिरा का आटा गेहूं की तरह लचीला नहीं होता, इसलिए इसे बहुत ज्यादा दबाव देकर बेलने की कोशिश न करें। आटे की छोटी लोई बनाएं और इसे हल्के हाथों से चपटा करें। जरूरत हो तो ऊपर और नीचे थोड़ा राजगिरा का आटा लगाएं। इसके बाद धीरे-धीरे बेलकर पराठे का आकार दें। अगर पराठा बेलते समय किनारों से टूटने लगे तो हाथ से हल्का दबाकर किनारों को दोबारा जोड़ सकते हैं।
तवे पर ऐसे सेंके
तवा गर्म होने के बाद तैयार पराठे को सावधानी से उस पर डालें। मध्यम आंच पर दोनों तरफ से हल्का सिकने दें। इसके बाद दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाकर पराठे को सुनहरा होने तक सेंकें। बहुत तेज आंच पर पकाने से पराठा सूख सकता है, इसलिए मध्यम आंच रखना बेहतर रहेगा। तैयार राजगिरा पराठे को दही, हरी चटनी या अपनी पसंद की सब्जी के साथ गरमागरम परोसें।
सॉफ्ट राजगिरा पराठे की सबसे जरूरी ट्रिक
राजगिरा पराठे को टूटने और सूखने से बचाने के लिए उबले आलू, सही मात्रा में गुनगुना पानी और नरम आटा सबसे अहम हैं। आलू आटे को बाइंड करने में मदद करता है, जबकि गुनगुना पानी इसे नरम बनाने में मदद करता है। इस तरह आप बिना ज्यादा परेशानी के घर पर सॉफ्ट, फूला-फूला और स्वादिष्ट राजगिरा पराठा तैयार कर सकते हैं।
