राज्य खेल पुरस्कार 2025-26 की अंतरिम सूची जारी

राज्य खेल पुरस्कार 2025-26 की अंतरिम सूची जारी

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण वर्ष 2025-26 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दलों की अंतरिम चयन सूची जारी कर दी है। सूची में अलग-अलग खेल विधाओं के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शामिल किया गया है।

जारी अंतरिम सूची को लेकर किसी खिलाड़ी या प्रतिभागी को आपत्ति है तो वह 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। निर्धारित समय सीमा के बाद मिलने वाली आपत्तियों पर विभाग की ओर से विचार नहीं किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य खेल पुरस्कार 2025-26 की अंतरिम चयन सूचीशहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार के लिए चयन

ओलंपिक खेलों की श्रेणी में बिलासपुर के विकास कुमार को आर्चरी, बालोद की किरण पिस्दा को फुटबॉल और दुर्ग की दीपांशी नेताम को फेंसिंग के लिए चयनित किया गया है। बैडमिंटन में रायपुर के सुजेय तंबोली और आयुष माखिजा संयुक्त रूप से चयनित हुए हैं।

नॉन-ओलंपिक खेलों में कोरबा की संजू देवी को कबड्डी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ की रीमा राय को सॉफ्ट टेनिस और दुर्ग की मिशा कुमारी को नेटबॉल के लिए चयनित किया गया है। पैरा स्पोर्ट्स में महासमुंद की लक्की यादव को पैरा एथलेटिक्स के लिए चुना गया है।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार में भी कई नाम

ओलंपिक खेलों में रायगढ़ के दिव्यांशु देवांगन को शूटिंग, बिलासपुर के विक्रम राज को आर्चरी, रायपुर के दिव्यांश अग्रवाल को बैडमिंटन और सूरजपुर की सोनिका राजवाड़े को एथलेटिक्स के लिए चयनित किया गया है।

नॉन-ओलंपिक वर्ग में रायगढ़ के स्वप्निल प्रधान और नारायणपुर की भूमिका चौधरी को वुशू में संयुक्त रूप से चुना गया है। धमतरी की पूजा को नेटबॉल और बलौदाबाजार के निखिल कुमार यादव को पैरा एथलेटिक्स के लिए चयनित किया गया है।

वीर हनुमान सिंह पुरस्कार

प्रशिक्षक वर्ग में रायपुर के अजय दीप सारंग को वेटलिफ्टिंग के लिए चयनित किया गया है। वहीं निर्णायक वर्ग में इस वर्ष कोई पात्र नहीं पाया गया।

शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए 17 खिलाड़ी

शहीद पंकज विक्रम सम्मान की श्रेणी में कुल 17 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है। इनमें दुर्ग के संस्कार दिवान, विद्या सिंह, अंकुश सिंह और झमिता साहू, गरियाबंद के हेमशिखर, रायपुर के अरन्दिम देवनाथ, शिवांशु केशरवानी और अदिती कुमारी सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ी शामिल हैं। इस सूची में तैराकी, जूडो, पैरा स्विमिंग, बॉक्सिंग, पैरा जूडो, जिम्नास्टिक, रोलबॉल और हॉकी जैसे खेलों के खिलाड़ी भी शामिल हैं।

शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए पांच खिलाड़ी

शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए दुर्ग के गंगेश्वर को एथलेटिक्स, दुर्ग के ख्वाजा अहमद को वॉलीबॉल, रायपुर के एवन कुमार जैन को वेटलिफ्टिंग, रायपुर के मो. अकरम खान को वॉलीबॉल और रायपुर के प्रदीप जोशी को टेबल टेनिस के लिए चयनित किया गया है।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए दो दल चयनित

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए तीरंदाजी के सीनियर महिला दल और सॉफ्ट टेनिस के जूनियर बालिका दल का चयन किया गया है। तीरंदाजी टीम में चांदनी साहू, सुलोचना राज, पायल मरावी और माया शामिल हैं। टीम के कोच इतवारी राज हैं।

सॉफ्ट टेनिस के जूनियर बालिका दल में पूर्णिमा फणिकार, चंचल सारथी, यामिनी निषाद, रिया सोनकर, मुस्कान निषाद, अल्फी जोसफ, प्रेरणा फणिकार और रंजना चौहान शामिल हैं। इस टीम के कोच दिलीप कुमार विश्वकर्मा और मैनेजर रीमा रॉय हैं।

23 अगस्त तक दर्ज होगी दावा-आपत्ति

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, अंतरिम सूची में शामिल किसी चयन को लेकर आपत्ति होने पर संबंधित खिलाड़ी या प्रतिभागी 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *