धमतरी जिले के मगरलोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 में 26 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लता सिन्हा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवती ने घर में टीवी देख रहे अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
माता-पिता को कमरे में बाहर से किया बंद
जानकारी के मुताबिक, लता सिन्हा ने अपने माता-पिता को कमरे में बंद करने के बाद घर के हॉल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। माता-पिता रातभर कमरे के अंदर बंद रहे और उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। सुबह जब उन्होंने खुद को कमरे में बंद पाया, तो मोबाइल फोन के जरिए दूसरे परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस सहायता नंबर 112 पर जानकारी दी गई।
डायल 112 की टीम ने खुलवाया दरवाजा
सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में पहले घर का मुख्य दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद जिस कमरे में युवती के माता-पिता बंद थे, उसका ताला काटकर उन्हें बाहर निकाला गया। माता-पिता के बाहर आने के बाद घर के हॉल में लता सिन्हा का शव मिला। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना के बाद मृतका के पिता हीरालाल सिन्हा ने मगरलोड थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
बैगा से संपर्क की बात, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
मृतका के परिजनों ने गांव के एक स्थानीय बैगा पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि युवती का कथित तौर पर बैगा के घर आना-जाना था और वह मोबाइल फोन के जरिए भी उसके संपर्क में रहती थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी तरह के मानसिक दबाव या धमकी के कारण युवती ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है। मगरलोड पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
