हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद

हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद

जांजगीर-चांपा जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी में हुए हादसे में लापता तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार सुबह SDRF और DDRF की टीम ने दो और शव नदी से बाहर निकाले। इससे पहले शनिवार को एक युवक का शव बरामद किया गया था।

तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पिकनिक के दौरान हुआ हादसा

घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी फार्मा फर्स्ट ईयर के 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे।

इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े हुए थे। बताया गया कि एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए पानी में उतरे उसके दो दोस्त भी नदी में बह गए।

SDRF और DDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

शनिवार को पवन का शव बरामद हुआ। रविवार सुबह अभियान के दौरान दो अन्य युवकों के शव भी नदी से निकाल लिए गए।

पत्थरों के बीच फंसा मिला एक शव

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव सुबह करीब 6:15 बजे बरामद किया गया। इसके बाद मुरारी साहू का शव करीब 7 बजे मिला।

बताया गया कि मुरारी का शव घटनास्थल के पास पत्थरों के बीच बनी एक खोह में फंसा था। SDRF और DDRF की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

हादसे के बाद पिकनिक स्पॉट पर सख्ती

हादसे के बाद प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक पहुंचने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *