मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोटस जेट्टी के पास एक BMW कार दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ।
मरीन ड्राइव से हाजी अली जा रही थी BMW
बीएमसी के मुताबिक, BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा मुंबई कोस्टल रोड पर लोटस जेट्टी के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव की कार्रवाई की गई।

तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे में कार सवार चारों लोगों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
जांच के बाद स्पष्ट होंगे हादसे के कारण
प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
