एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित फाइनल मुकाबले की संभावना भी खत्म हो गई। अब श्रीलंका का सामना भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
श्रीलंका ने 13 गेंद बाकी रहते हासिल किया लक्ष्य
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 178 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका की जीत की सबसे बड़ी नायिका कप्तान चमारी अटापट्टू रहीं। उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 83 रन की तूफानी पारी खेली और टीम को फाइनल तक पहुंचाया।
अटापट्टू की कप्तानी पारी ने पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने शुरुआत में एक विकेट गंवाया। इमेशा दुलानी और अटापट्टू ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। दुलानी के आउट होने के बाद अटापट्टू को हसीनी परेरा का साथ मिला।
दोनों ने मिलकर 95 रन की साझेदारी कर श्रीलंका की जीत लगभग तय कर दी। परेरा 42 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन अटापट्टू एक छोर पर डटी रहीं। अंत में हर्षिता समरविक्रमा के साथ मिलकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी।
पाकिस्तान के लिए जुल्फीकार और आयशा ने लगाए अर्धशतक
इससे पहले पाकिस्तान की पारी में आयशा जफर और शवाल जुल्फीकार ने शानदार बल्लेबाजी की। आयशा ने 40 गेंदों पर 71 रन बनाए, जबकि शवाल जुल्फीकार ने 50 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली।
कप्तान फातिमा सना ने भी 12 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाए और पाकिस्तान को 177 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, श्रीलंका की बल्लेबाजी के सामने यह स्कोर पर्याप्त साबित नहीं हुआ।
अब भारत-बांग्लादेश मैच पर नजर
श्रीलंका की जीत के बाद अब फाइनल में उसकी भिड़ंत भारत और बांग्लादेश के दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगी। भारत ने इससे पहले जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
अपडेट: भारत ने बाद में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।
