बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल रुद्रारम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झालरापाटन, राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया।
मामले की शिकायत पीड़िता के परिजनों ने भोपालपटनम थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
राजस्थान और हरियाणा भेजी गई पुलिस टीमें
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई थीं।
एक टीम को राजस्थान और दूसरी टीम को हरियाणा रवाना किया गया। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और लगातार निगरानी के बाद उसकी घेराबंदी की गई।
झालरापाटन से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मामले में फरार आरोपी देवेन्द्र कुमार दहिया, पिता उमेद सिंह दहिया, उम्र 34 वर्ष को राजस्थान से गिरफ्तार किया। उसे झालरापाटन से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया।
बीजापुर लाने के बाद भोपालपटनम थाने में आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस मामले में दर्ज आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
