भारत ने सऊदी अरब में हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। इन घटनाओं में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने को अस्वीकार्य बताते हुए ऐसे हमले तत्काल रोकने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 21 अक्टूबर को दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हमले हुए। मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं।
पीड़ित परिवार के प्रति जताई संवेदना
भारत ने हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सऊदी अरब के साथ एकजुटता जताई
भारत ने सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्थन दोहराया। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।
भारत ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।
