Headlines

सड़क पर बर्थडे और आतिशबाजी करने पर नायब तहसीलदार से जुड़ा मामला, FIR दर्ज

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में बीच सड़क कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शुरुआत में इस वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली। मामले में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का नाम सामने आया है, जिनकी पोस्टिंग रायपुर जिले में बताई जा रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

‘ओ ओ जाने जाना’ गाने पर बनाई गई रील

वायरल वीडियो में एक कार सड़क पर खड़ी दिखाई दे रही है। कार की डिक्की खुली हुई है, जिसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा नजर आता है। इस दौरान बॉलीवुड फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद इसे पहले रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की जांच और दर्ज एफआईआर के बाद घटना का स्थान बिलासपुर का रिवर व्यू रोड सामने आया।

रायपुर में तैनाती, बिलासपुर में मनाया जन्मदिन

नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में है। इसी वजह से शुरुआत में यह माना जा रहा था कि सड़क पर जन्मदिन मनाने की घटना रायपुर की है। बाद में जांच में पता चला कि जन्मदिन बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर मनाया गया था।

शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इस वजह से सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना होने की आशंका थी। अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

सड़क पर जन्मदिन मनाने के मामलों में हाईकोर्ट के सख्त निर्देश

सड़क पर केक काटने और इस दौरान यातायात बाधित करने की घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट पहले भी सख्त निर्देश दे चुका है। कोर्ट ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश राज्य सरकार और पुलिस को दिए थे।

फिलहाल, बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने के मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *