Headlines

श्रद्धा कपूर बनीं विठाबाई नारायणगांवकर, ‘ईठा’ के ट्रेलर में दिखी लावणी की दुनिया

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर के फैंस को उनकी आगामी फिल्म ‘ईठा’ का इंतजार है। फिल्म में श्रद्धा मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। पहले यह फिल्म अगस्त में यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के साथ रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी। अब फिल्म दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें श्रद्धा दमदार अंदाज में दिखाई दे रही हैं।

‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज, विठाबाई के किरदार में दिखीं श्रद्धा कपूर

मैडॉक फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, ‘पर्दा उठ चुका है, तमाशा सज चुका है’। रिलीज हुए ट्रेलर में श्रद्धा कपूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में नजर आ रही हैं।

ट्रेलर की शुरुआत श्रद्धा के एक प्रभावशाली डायलॉग से होती है। वह कहती हैं, ‘तुम्हीं ने कहा था ना कि देखते हैं पहले क्या टूटता है? मेरा भरोसा या मेरा घमंड, मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे, जब वो टूट गया ना सब टूट गया’।

इसके बाद कहानी में विठाबाई के संघर्ष और उनके कलाकार बनने के सफर की झलक दिखाई जाती है। ट्रेलर में जीशान अय्यूब की दमदार आवाज भी सुनाई देती है। श्रद्धा का अंदाज और किरदार के प्रति उनका अभिनय फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।

कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर?

विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार थीं। उनका जन्म सोलापुर जिले के पंढरपुर में हुआ था। वह कलाकारों के परिवार में पली-बढ़ीं। उनके पिता और चाचा ‘भाऊ-बापू मांग नारायणगांवकर’ नाम का कला-दल चलाते थे। इस दल की स्थापना उनके दादा नारायण खुदे ने की थी, जो पुणे जिले के शिरूर तालुका स्थित कवठे यमाई गांव के रहने वाले थे।

बचपन से ही विठाबाई को लावणी, गवलन और भेदिक जैसे गीतों से परिचित होने का मौका मिला। पढ़ाई में उनकी खास रुचि नहीं थी, लेकिन कम उम्र में ही उन्होंने बिना औपचारिक प्रशिक्षण के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन शुरू कर दिया था।

उनके जीवन की एक असाधारण घटना भी काफी चर्चित रही। एक बार मंच पर प्रस्तुति देते समय उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह मंच के पीछे गईं और वहां बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पत्थर की मदद से गर्भनाल काटी और कुछ ही समय बाद वापस मंच पर आकर अपना कार्यक्रम जारी रखा। बताया जाता है कि दर्शक उनके इस कदम से हैरान रह गए थे।

‘ईठा’ में नजर आएंगे ये कलाकार

‘ईठा’ एक बायोग्राफिकल फिल्म है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म में विठाबाई के जीवन, उनके संघर्ष और लावणी-तमाशा की दुनिया में उनके सफर को पर्दे पर दिखाया जाएगा। दिसंबर में रिलीज होने वाली इस फिल्म के ट्रेलर के बाद अब दर्शकों को इसकी सिनेमाघरों में रिलीज का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004