रायपुर (Raipur) में अब ऑटो-रिक्शा चालक, ट्रक ड्राइवर, सब्जी फल विक्रेता, क्लिनिक के कर्मी, दुकानदारों की भी रेंडम टेस्टिंग प्रणाली से कोरोना (Corona) की जांच की जाएगी.
जिला प्रशासन के साथ नगर निगम और महिला बाल विकास विभाग की टीम अब रायपुर में डोर टू डोर सर्वे करेगी. इसके तहत प्रशासन ने हेल्थ कार्ड तैयार कर लिया है. अब ऑटो-रिक्शा चालक, ट्रक ड्राइवर, सब्जी फल विक्रेता, क्लिनिक के कर्मी, दुकानदारों की भी रेंडम टेस्टिंग प्रणाली से कोरोना की जांच की जाएगी. इस अभियान की शुरुआत 23 जून से की जाएगी. इसको लेकर प्रशासन स्तर पर तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया जा रहा है. बता दें कि राजधानी में सैकड़ों की संख्या में ऑटो-रिक्शा चालक और हजारों की संख्या में सब्जी व फल विक्रेता हैं. ऐसे में सभी की जांच कर पाना भी प्रशासन के लिए चुनौती बताया जा रहा है.
राज्य में कोविड का हाल
बीते रविवार को कोरोना ने राज्य में फिर शतक लगाया. प्रदेश में कोविड-19 के 121 नए मरीजों की पहचान की गई. इसमें कोरबा जिले से 39, जांजगीर से 3, रायपुर से 17, बलौदाबाजार से 17, जशपुर से 16, राजनांदगांव से 14, गरियाबंद से 04, दुर्ग से 03, रायगढ़ से 02, बेमेतरा से 02, कांकेर से 02, सरगुजा से 01, बलरामपुर से 01 नए मरीज की हुई पुष्टि हुई. रविवार को 53 मरीज डिस्चार्ज किए गए. प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 823 है. जबकि कुल पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2255 हो गई है. अब तक कुल 1421 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं. जबकि कोरोना से लड़ते 11 की मौत राज्य में हो चुकी है.

