मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल की बेटी विस्मया मोहनलाल (Vismaya Mohanlal) अब फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। वह निर्देशक जूड एंथनी जोसेफ की फिल्म ‘Thudakkam’ से बतौर लीड एक्ट्रेस अपना अभिनय करियर शुरू कर रही हैं। इस फिल्म में साईकुमार, आशीष जो एंटनी, टी. जी. रवि, गणेश कुमार और चिप्पी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि मोहनलाल का विशेष कैमियो भी फिल्म का आकर्षण होगा।
32 साल की उम्र में किया एक्टिंग डेब्यू
27 मार्च 1994 को तिरुवनंतपुरम में जन्मीं विस्मया मोहनलाल ने 32 वर्ष की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। स्टार किड्स के लिए यह अपेक्षाकृत अलग शुरुआत मानी जा रही है। उनके बड़े भाई प्रणव मोहनलाल पहले ही मलयालम फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके हैं।
विदेश में की पढ़ाई, थिएटर से जुड़ी रहीं
विस्मया ने अपनी स्कूली शिक्षा ऊटी में पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्राग, लंदन और अमेरिका में थिएटर की पढ़ाई की। अभिनय के अलावा उनकी रुचि कविता लेखन, फोटोग्राफी और कला के अन्य क्षेत्रों में भी रही है। स्कूल के दिनों में उन्हें एक नाटक के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला था।
Muay Thai ट्रेनिंग से बदली जिंदगी
कोरोना महामारी के दौरान विस्मया थाईलैंड में रहीं, जहां उन्होंने Muay Thai की ट्रेनिंग ली। इस दौरान उन्होंने करीब 22 किलोग्राम वजन कम किया। बताया जाता है कि उनकी यह मार्शल आर्ट ट्रेनिंग उनकी पहली फिल्म में भी देखने को मिल सकती है।
लेखिका भी हैं विस्मया
अभिनय से पहले विस्मया एक लेखिका के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं। उनकी पहली पुस्तक ‘Grains of Stardust’ कविता संग्रह है, जिसे पाठकों और कई मशहूर हस्तियों से सराहना मिली। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी उनकी लेखन प्रतिभा की प्रशंसा की थी।
सामाजिक मुद्दों पर भी रखती हैं राय
विस्मया समय-समय पर सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखती रही हैं। हाल ही में उन्होंने NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी, जिस पर काफी चर्चा हुई। हालांकि आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार का समर्थन किया।
