नौकरी के नाम पर 6 लाख की ठगी का आरोप

नौकरी के नाम पर 6 लाख की ठगी का आरोप

बलौदाबाजार जिला अस्पताल में वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला महामंत्री कृष्ण अवस्थी और उनके बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। यह शिकायत ग्राम ओड़ान निवासी पूर्व सरपंच जीवन लाल कमल और उनके साथियों ने की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर नौकरी का भरोसा देने का आरोप

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, कृष्ण अवस्थी ने अपने राजनीतिक प्रभाव और अधिकारियों से संपर्क होने का हवाला देते हुए जिला अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि नौकरी के भरोसे पर अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख रुपए लिए गए। शिकायत में बताया गया है कि पहली किस्त 14 सितंबर 2025 को और बाकी रकम 16 फरवरी 2026 को दी गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति और ज्वाइनिंग लेटर मिलने का भरोसा दिया जाता रहा।

बेटे प्रणव पर दस्तावेज लेने का आरोप

शिकायत के अनुसार, कृष्ण अवस्थी के कहने पर अभ्यर्थियों की मुलाकात उनके बेटे प्रणव अवस्थी से हुई। आरोप है कि प्रणव ने नौकरी के लिए अभ्यर्थियों की अंकसूची, बैंक पासबुक, फोटो समेत अन्य दस्तावेज लिए। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि उनसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बावजूद लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी। जब काफी समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं हुई तो शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से संपर्क किया।

इन अभ्यर्थियों के लिए नौकरी लगाने का दावा

शिकायत में कई अभ्यर्थियों के नाम सामने आए हैं। इनमें जीवन लाल कमल के बेटे भास्कर कमल, श्रीराम कत्रोज के बेटे चैतन्य कत्रोजे, डोमार कत्रोजे के बेटे गौरव और हेमंत कत्रोज तथा सोहन कत्रोज के बेटे दिलेश्वर और योगेश कत्रोजे के लिए नौकरी दिलाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इन अभ्यर्थियों से संबंधित रकम मिलाकर कुल 6 लाख रुपए लिए गए।

कृष्ण अवस्थी और बेटे के खिलाफ तीसरी FIR का दावा

नौकरी लगाने के नाम पर कथित ठगी के आरोपों को लेकर कृष्ण अवस्थी और उनके बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ शिकायतकर्ताओं के सामने आने का सिलसिला जारी है। सामने आई शिकायत को इस मामले से जुड़ी तीसरी FIR बताया जा रहा है। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब रकम के लेन-देन, नौकरी दिलाने के कथित आश्वासन, दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *