छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मोपका शहरी गौठान में छह गायों की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी अजय कुमार राठौर को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह दूजराम यादव को मोपका गौठान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षमता से अधिक गौवंश रखने से हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में सामने आया कि गौठान के एक कमरे में क्षमता से अधिक गायों को रखा गया था। अधिक भीड़ होने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनी, जिसमें छह गौवंशों की मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
औचक निरीक्षण में मिलीं छह मृत गायें
गौसेवा आयोग की जिला समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने शिकायत मिलने के बाद मोपका पशु आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में करीब 300 गौवंश मौजूद थे, जबकि छह गायें मृत अवस्था में मिलीं। समिति ने कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर गंभीर आपत्ति जताई।
अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
निरीक्षण के बाद समिति ने पूरी रिपोर्ट कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग को भेजते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी को हटाने का निर्णय लिया।

