छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया गया है। इसमें AK-47 समेत चार हथियार, मैगजीन और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस मिले हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में की गई।
सर्चिंग के दौरान मिला जमीन के नीचे छिपा डंप
जानकारी के अनुसार, सूचना के आधार पर भैरमगढ़ थाना पुलिस और डीआरजी की टीम को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए भेजा गया था। तलाशी अभियान के दौरान जवानों को एक स्थान संदिग्ध लगा।
जांच करने पर जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार डंप मिला। जवानों ने सावधानीपूर्वक इसे बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से बरामद किया।
डंप से AK-47 समेत ये हथियार मिले
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- 1 AK-47 रायफल
- 1 .315 बोर रायफल
- 1 सिंगल शॉट रायफल
- 1 9 एमएम पिस्टल
- 2 AK-47 मैगजीन
- 45 AK-47 जिंदा राउंड
- 25 9 एमएम जिंदा राउंड
- 6 .315 बोर रायफल के जिंदा राउंड
इस तरह डंप से कुल 76 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनसे नक्सली संगठन की गतिविधियों तथा पूर्व की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जाती है। इसी प्रक्रिया से मिली सूचना के आधार पर उतला जंगल में नक्सली डंप की जानकारी सामने आई।
पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
हथियार थाने लाकर आगे की कार्रवाई
बरामद हथियार और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाने लाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में विधि के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
