गणेश पंडाल में DJ साउंड को लेकर विवाद

गणेश पंडाल में DJ साउंड को लेकर विवाद

बिलासपुर में गणेश पंडाल के पास DJ साउंड को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में 22 वर्षीय युवक आकाश सूर्यवंशी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार 14 सितंबर की शाम राशन दुकान के सामने बनाए गए गणेश पंडाल के पास हुई। शुरुआती पुलिस जांच में DJ साउंड को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आई है।

DJ साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) मौजूद थे। इसी दौरान साउंड सिस्टम को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश पर हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घायल युवक को अस्पताल ले गए ग्रामीण

घटना के बाद पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है।

घटना के बाद आरोपी मौके पर ही घूमता रहा

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर चाकू लेकर पंडाल के आसपास घूमता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी से पूछताछ कर विवाद की पूरी वजह तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *