बिलासपुर आगामी त्योहारों को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। शहरी और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में पुलिस ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने के साथ ही विवाद या उपद्रव की आशंका वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

50 से अधिक लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत BNSS की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और आम सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की गई है। संबंधित लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान की, जिनसे त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी अप्रिय घटना से पहले ही संभावित उपद्रवियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

कबाड़ियों पर भी पुलिस की नजर
त्योहारों से पहले चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कबाड़ियों की जांच करते हुए कई लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस ने आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी की है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने या सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
