भाई से विवाद के बाद एक युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक 150 फीट की ऊंचाई पर बैठा रहा। युवक को टावर पर देखकर आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। बाद में दो युवकों की बातचीत के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
भाई से विवाद के बाद टावर पर चढ़ा युवक
जानकारी के मुताबिक दयालबंद में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला कुंदन केसरी (32) निजी नौकरी करता है। शनिवार को किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गुरु नानक स्कूल के पास अरपा नदी किनारे स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर बैठे देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

2 घंटे तक चली समझाइश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां जमा हो गए। पुलिस और मोहल्ले के लोगों ने युवक से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह काफी देर तक टावर से नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुआ। करीब दो घंटे तक समझाइश का दौर चलता रहा। आखिरकार मोहल्ले के दो युवकों ने उससे बातचीत की और किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया।
पूछताछ के बाद परिजनों को सौंपा
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई। पूछताछ में उसने बताया कि भाई से विवाद के बाद वह नाराज था और इसी वजह से टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
कोंडागांव में भी सामने आया था ऐसा मामला
इसी तरह की एक घटना दो दिन पहले कोंडागांव में भी सामने आई थी। सिटी कोतवाली क्षेत्र में पत्नी और चाचा से विवाद के बाद संतोष कोर्राम (32) हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया था। युवक करीब 150 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक उससे बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। बाद में वह सुरक्षित नीचे आ गया।
सूरजपुर में रेडियो टावर पर चढ़ी युवती
सूरजपुर के चांदनी थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। एक युवती बयान दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची थी। इसी दौरान वह थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई।
युवती अपने प्रेमी को थाने बुलाकर उससे शादी कराने की मांग कर रही थी। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाइश दी। स्थिति गंभीर होने पर पुलिसकर्मी टावर पर चढ़े और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं में पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद संबंधित लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
