शिक्षक दिवस पर छत्तीसगढ़ के 63 शिक्षकों का सम्मान

शिक्षक दिवस पर छत्तीसगढ़ के 63 शिक्षकों का सम्मान

रायपुर। शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के 63 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में शिक्षकों को सम्मानित किया।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार शिक्षकों को अलग-अलग स्मृति पुरस्कार से नवाजा गया। इनमें दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने गणित को विद्यार्थियों के लिए आसान और रोचक बनाने के लिए कई प्रयोग किए हैं।

चार शिक्षकों को मिला स्मृति पुरस्कार

इस वर्ष चार शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें शामिल हैं:

  • राजेश कुमार प्रजापति, खैरागढ़ — डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार
  • कामता प्रसाद जायसवाल, कोरबा — डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार
  • डॉ. प्रज्ञा सिंह, दुर्ग — डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार
  • प्रियंका गोस्वामी, सारंगढ़ — गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति सम्मान
शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक
63 शिक्षकों का सम्मान

डॉ. प्रज्ञा सिंह ने मैथ्स को बनाया रोचक

दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह ने गणित की पढ़ाई को विद्यार्थियों के लिए सरल और दिलचस्प बनाने के लिए नए तरीकों को अपनाया। उन्होंने मैथ्स लैब, स्मार्ट क्लास और मैथ्स पार्क जैसी सुविधाएं विकसित कीं।

इसके अलावा अतिरिक्त कक्षाओं के जरिए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने पर भी काम किया। शिक्षा के साथ उन्होंने लेखन, बालिका शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में भी योगदान दिया। उनके इन्हीं प्रयासों को देखते हुए उन्हें डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक
शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक

राजेश प्रजापति ने नवाचार से बदली पढ़ाई

खैरागढ़ के राजेश कुमार प्रजापति को शिक्षा में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने खेल-खेल में पढ़ाई, स्मार्ट क्लास और ऑनलाइन शिक्षा जैसे तरीकों को अपनाया। उन्होंने बाल-संसद और पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया। इसके साथ ही कला, योग और खेल जैसी गतिविधियों को भी शिक्षा से जोड़ा।

शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक
63 शिक्षकों का सम्मान

प्रियंका गोस्वामी ने डिजिटल शिक्षा को दिया बढ़ावा

सारंगढ़ की प्रियंका गोस्वामी ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में योगदान दिया। उन्होंने डिजिटल एजुकेशन के साथ खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। गरीब और जरूरतमंद बच्चों को सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्होंने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां कराईं।

शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक
शिक्षक दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक

कई जिलों से चुने गए शिक्षक

राज्य शिक्षक सम्मान के लिए रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत कई जिलों से शिक्षकों का चयन किया गया। सम्मान पाने वालों में प्राचार्य, हेड मास्टर, लेक्चरर और सहायक शिक्षक शामिल रहे।

क्या है राज्य स्मृति पुरस्कार

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हर साल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार शिक्षकों को राज्य स्मृति पुरस्कार दिया जाता है। ये पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में प्रदान किए जाते हैं। चयनित शिक्षकों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों के योगदान को पहचान देने का अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *