मुख्यमंत्री की पहल: स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति

मुख्यमंत्री की पहल: स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति

यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से सभी विभाग मिलकर तैयार करेंगे प्रभावी कार्ययोजना

रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए सभी संबंधित विभागों को यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं, इसलिए स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं को साझा लक्ष्य और बेहतर समन्वय के साथ लागू करना आवश्यक है।

बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री श्री साय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण तथा कुपोषण उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभाग मिलकर ऐसी मल्टी-सेक्टोरल (बहु-विभागीय) रणनीति तैयार करें, जिससे शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में प्रभावी कमी लाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और बच्चों के पोषण स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी संभव है, जब सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभाव जमीनी स्तर तक पहुंचाना है, ताकि प्रदेश के हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, उचित पोषण और सुरक्षित भविष्य मिल सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल एवं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान ‘नंदी’ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं, यूनिसेफ की ओर से भारत में संगठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री का “जय जोहार” कहकर अभिवादन किया और कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और सरल-सहज लोगों का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य और अधिक सुरक्षित, स्वस्थ एवं समृद्ध बनेगा।

बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में यूनिसेफ की प्रमुख सुश्री सीमा कुमार, श्री अनिल गुलाटी तथा डॉ. बाल पारितोष दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *