छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तारीखों में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। पहले यह मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी। अब इसका आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
शिक्षक भर्ती परीक्षा से हो रहा था तारीखों का टकराव
दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होनी थी। इसी दिन पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा होने के कारण उन अभ्यर्थियों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। एक ही तारीख पर दो महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाएं होने से अभ्यर्थियों को किसी एक परीक्षा का विकल्प चुनने की मजबूरी हो सकती थी। इसी समस्या को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में लाया गया।
CM साय ने दिए परीक्षा तारीख बदलने के निर्देश
अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके बाद CGPSC ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में परिवर्तन किया। अब परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
4 अगस्त को जारी हुआ था प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट
गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24 से 26 अक्टूबर की संभावित तारीखें तय की गई थीं। शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख से टकराव के बाद अब आयोग ने संशोधित कार्यक्रम घोषित किया है।
‘युवाओं का हित हमारी प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। केवल परीक्षा की तारीखों में टकराव के कारण कोई पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में आयोग की ओर से विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी और आवेदन संबंधी निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखें। परीक्षा की तारीख बदलने से उन युवाओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पुलिस भर्ती के साथ शिक्षक भर्ती परीक्षा में भी शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
