मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुलाकात के दौरान भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और सिनेमा समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में डॉ. द्विवेदी के योगदान की सराहना की।
‘चाणक्य’ धारावाहिक का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक ‘चाणक्य’ का जिक्र करते हुए कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व, राष्ट्रबोध और राजनीतिक दर्शन को डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने प्रभावी तरीके से दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कृति पर आधारित ऐसी रचनाएं युवा पीढ़ी को अपनी सभ्यता और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. द्विवेदी ने गंभीर शोध, संवेदनशीलता और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का उल्लेखनीय कार्य किया है।
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य और ऐतिहासिक विरासत पर भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की लोककला, लोकसाहित्य और गौरवशाली विरासत में रचनात्मक कार्यों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इस दिशा में संस्कृति और इतिहास से जुड़े विषयों को व्यापक मंच मिलने से प्रदेश की पहचान देश-दुनिया तक पहुंच सकती है।
डॉ. द्विवेदी ने जताया आभार
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री साय के आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। दोनों के बीच हुई इस मुलाकात में भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए गए।
