छत्तीसगढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस परेड ग्राउंड में विभिन्न टुकड़ियों द्वारा मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय परेड का निरीक्षण करने के साथ जवानों की सलामी भी लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस परेड ग्राउंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और आम नागरिक मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री साय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास, उपलब्धियों और सरकार की प्राथमिकताओं पर अपनी बात रखेंगे। समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रदेश की विविधता और उपलब्धियों की झलक भी देखने को मिलेगी।
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का माहौल है और जगह-जगह तिरंगा फहराकर आजादी के पर्व को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
