मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली दौरे के लिए रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने दिल्ली दौरे और देश की GDP ग्रोथ को लेकर जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय की ओर से एक विभागीय समिट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इस बैठक में जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
जल संरक्षण पर छत्तीसगढ़ के काम होंगे साझा
CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी जल संरक्षण को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। दिल्ली में होने वाले समिट के दौरान प्रदेश में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल से जुड़े विषयों पर होने वाली चर्चा में राज्यों के स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं को भी सामने रखा जाएगा।

GDP ग्रोथ पर CM साय ने क्या कहा
देश की आर्थिक विकास दर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार अशांति का माहौल बना हुआ है। इसके बावजूद भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आर्थिक विकास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की GDP ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और अथक परिश्रम का प्रमाण बताया।
CM साय का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब केंद्र सरकार के जल संरक्षण और पेयजल से जुड़े विषयों पर विभागीय स्तर पर चर्चा के लिए समिट आयोजित किया जा रहा है।
