CM साय की संवेदनशील पहल,गंभीर शशिकांत को AIIMS रायपुर में कराया भर्ती

CM साय की संवेदनशील पहल,गंभीर शशिकांत को AIIMS रायपुर में कराया भर्ती

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल के बाद धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की सुविधा मिली है। सोशल मीडिया के जरिए शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया और उनसे फोन पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम AIIMS रायपुर में भर्ती कराया। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

इलाज के लिए 4 लाख रुपये की सहायता मंजूर

शशिकांत के उपचार को लेकर मुख्यमंत्री ने 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद उन्हें अब AIIMS में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल रही है।

2016 के हादसे के बाद प्रभावित हुआ स्वास्थ्य

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 में हुए सड़क हादसे में शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद वह करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे।

दुर्घटना के कारण उनकी सर्वाइकल संबंधी समस्या उत्पन्न हुई, जिससे हाथ-पैर की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग अस्पतालों में लंबे समय तक उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद जताया आभार

AIIMS में भर्ती होने और मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद शशिकांत ने उनका आभार जताया।

शशिकांत ने कहा कि मुख्यमंत्री का फोन कर हाल-चाल पूछना, AIIMS में इलाज की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देना उनके और उनके परिवार के लिए बड़ी मदद है। फिलहाल AIIMS रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में शशिकांत का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *