भारत में एक दिन में कोविड-19 के 70,496 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हो गई। पिछले एक महीने में देश में ऐक्टिव केसों की संख्या में 9 लाख की कमी आई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 69,06,151 हो गई है जबकि 59 लाख इस जानलेवा बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटे में 70 हजार से ज्यादा केस
पिछले 24 घंटे में देश में 70,496 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं जबकि 964 लोगों की मौत हुई है। जानलेवा कोरोना के कारण अबतक देश में 1,06,490 की जान गई है। आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 59,06,069 हो गई है। इससे संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की दर बढ़कर 85.52 प्रतिशत पर पहुंच गई है। फिलहाल देश में 8,93,592 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 12.94 प्रतिशत है।
कोविड-19 से घट गया मृत्युदर
कोविड-19 से मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख और 28 सितम्बर को 60 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार देश में आठ अक्टूबर तक कोविड-19 के 8,46,34,680 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 11,68,705 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।

