- राजस्थान की 3 सीटों में से 2 पर कांग्रेस, 1 पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही
- गुजरात की 4 में से 3 सीटों पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस की जीत के आसार
नई दिल्ली. आठ राज्यों में राज्यसभा की 19 सीटों पर वोटिंग के बाद काउंटिंग चल रही है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के कोरोना पॉजिटिव विधायक कुणाल चौधरी ने सबसे आखिर में वोट डाला। दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना था, लेकिन 2 राज्यों की 5 सीटों पर बिना विरोध कैंडिडेट चुन लिए गए।

राजस्थान में दो विधायकों ने वोट नहीं डाले
राजस्थान में 200 में से 198 विधायकों ने वोट डाले। कांग्रेस के विधायक वाजिब अली के वोट डालने पर दूसरे विधायकों ने आपत्ति जताई। अली विदेश से दिल्ली पहुंचे और फिर जयपुर आकर वोट डालने पहुंच गए। दूसरे सदस्यों ने आपत्ति जताई तो कोरोना टेस्ट के लिए अली का सैंपल लिया गया। बाद में उन्होंने पीपीई किट पहनकर वोट डाला। वहीं, मंत्री भंवरलाल मेघवाल और विधायक गिरधारी लाल तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से वोट नहीं डाल पाए।

मध्यप्रदेश में क्रॉस वोटिंग के डर से पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ दो बसों में पार्टी के विधायकों को लेकर विधानसभा पहुंचे। इससे पहले कमलनाथ के घर पर मॉक पोल हुआ, जिसमें कांग्रेस विधायकों को बताया गया कि उन्हें किस कैंडिडेट को वोट देना है।

विधायकों के आंकड़ों के हिसाब से मध्यप्रदेश की 3 सीटों में से 2 पर भाजपा की जीत पक्की मानी जा रही है। दूसरी ओर कमलनाथ ने वोट डालने के बाद कहा- हम एक सीट जीतेंगे, यह साफ है।
गुजरात: 4 सीटों के लिए भाजपा के 103, कांग्रेस के 65, एनसीपी के 1 विधायक और एक निर्दलीय विधायक ने वोट डाले। बीटीपी के 2 विधायकों ने वोट नहीं डाले।भाजपा के तीनों कैंडिडेट रामिलाबेन बारा , नरहरि अमीन और अभय भारद्वाज की जीत के आसार हैं। एक सीट पर कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल की जीत तय मानी जा रही है।
गुजरात की 4 सीटें
भाजपा
विधायक: 103
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 35
इस तरह 2 सीटों पर जीत लगभग तय, तीसरी सीट जीतने के लिए 2 वोट कम
कांग्रेस
विधायक: 65
समर्थन: 3
कुल: 68
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 35
इस तरह 1 सीट पर जीत पक्की मानी जा रही, 2 सीटें जीतने के लिए 2 वोट कम
| उम्मीदवार | भाजपा | कांग्रेस |
| पहला | अभय भारद्वाज | शक्ति सिंह गोहिल |
| दूसरा | रामिलाबेन बारा | भरत सिंह सोलंकी |
| तीसरा | नरहरि अमीन |
मध्य प्रदेश की 3 सीटों का गणित
भाजपा
विधायक: 107
समर्थन: 5 (2 निर्दलीय+2 बसपा+1 सपा )
कुल: 112
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 52
इस तरह 2 सीटों पर जीत तय
कांग्रेस
विधायक : 92
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 52
इस तरह 1 सीट पर जीत तय
दोनों दलों ने 2-2 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं।
| उम्मीदवार | भाजपा | कांग्रेस |
| पहला | ज्योतिरादित्य सिंधिया | दिग्विजय सिंह |
| दूसरा | सुमेर सिंह सोलंकी | फूलसिंह बरैया |
राजस्थान की 3 सीटों का गणित
कांग्रेस
विधायक: 107
समर्थन: 18
कुल: 125
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 51
इस तरह 2 सीटों पर जीत तय
भाजपा
विधायक: 72
समर्थन: 3
कुल: 75
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 51
इस तरह एक सीट पर जीत पक्की
| उम्मीदवार | भाजपा | कांग्रेस |
| पहला | राजेंद्र सिंह गहलोत | के सी वेणुगोपाल |
| दूसरा | ओंकार सिंह लखावत | नीरज डांगी |
झारखंड की 2 सीटों का गणित
झारखंड मुक्ति मोर्चा
विधायक : 29
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 27
इस तरह एक सीट पर जीत तय
भाजपा
विधायक : 25
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए जरूरी वोट: 27
इस तरह एक सीट पर जीत तय
कांग्रेस
विधायक : 15
एक कैंडिडेट उतारा है, लेकिन जीत के जरूरी वोट नहीं।
| पार्टी | झारखंड मुक्ति मोर्चा | भाजपा | कांग्रेस |
| उम्मीदवार | शिबू सोरेन | दीपक प्रकाश | शहजादा अनवर |

