छत्तीसगढ़ में गायों की मौत के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार के करीब 10 हजार गौठान बंद किए जाने के बाद सड़कों और गौशालाओं में गायों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं। बैज ने सरकार से इस मामले में जवाब देने की मांग की। सरकार ने गौधाम बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक एक भी गौधाम तैयार नहीं हुआ है। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार, महंगाई, वित्तीय स्थिति और पुलिस भर्ती जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
दीपक बैज ने रायपुर में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का डर दिखाई नहीं दे रहा है। उनके मुताबिक, कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बावजूद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल बने हुए हैं।
नशे के कारोबार पर उठाए सवाल
बैज ने प्रदेश में नशीले पदार्थों के कारोबार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अफीम की खेती, गांजा तस्करी और दूसरे नशीले पदार्थों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। कई मामलों में आम लोग ही तस्करों को पकड़ रहे हैं। बैज ने सरकार से नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
वित्तीय स्थिति पर भी सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने राजकोषीय घाटे का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि नीति आयोग की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ 18 राज्यों की सूची में 17वें स्थान पर है। बैज ने इसे सरकार के वित्तीय प्रबंधन की विफलता बताते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई।
भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर तंज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ संगठन और सरकार के बीच समन्वय को लेकर चर्चा किए जाने पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। भाजपा के नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए मुख्यमंत्री को जिलाध्यक्षों के साथ बातचीत करनी पड़ रही है। बैज ने इसे लेकर भाजपा संगठन पर तंज कसा।
एफआईआर से नहीं डरने का दावा
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज हो रही एफआईआर को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस किसी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के मामलों में एफआईआर के जरिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ हर स्तर पर खड़ी रहेगी।
महंगाई के मुद्दे पर केंद्र को घेरा
चीनी और प्याज समेत रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के बीच महंगाई का असर आम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है और सरकार को कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
रायपुर समेत देश के 11 एयरपोर्ट के निजीकरण के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने विरोध जताया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इसका विरोध करेगी। कवर्धा में पुलिस भर्ती को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में भी दीपक बैज सामने आए। उन्होंने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों के सवालों का जवाब देना चाहिए।
