दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात मंदिर के पीछे जंगलनुमा इलाके में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
नाबालिग दोस्त के साथ मंदिर पहुंची थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक, किशोरी सोमवार शाम अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे स्थित जंगल वाले इलाके की तरफ चले गए।
बताया गया है कि शाम करीब 7:30 बजे वहां तीन अज्ञात युवक पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने किशोरी और उसके दोस्त को डराया-धमकाया। इसके बाद एक आरोपी ने किशोरी के दोस्त को अपने कब्जे में ले लिया और तीनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस उसके बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी पहचान और तलाश के लिए मंदिर परिसर, आसपास के पार्कों और रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांची जा रही है।
इसके अलावा पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
