गांव में अचानक एक हिंसक कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। खेल रहे बच्चों को कुत्ते ने अपना निशाना बना लिया। घटना में तीन सगी बहनों समेत चार बच्चे घायल हो गए। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
खेल रहे बच्चों पर अचानक किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, कुत्ता अचानक गांव में पहुंचा और वहां खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते उसने चार बच्चों को घायल कर दिया। इनमें तीन सगी बहनें भी शामिल हैं। हमले के दौरान दो बच्चियों के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया और घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आवारा और हिंसक कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन को इसकी जानकारी पहले भी दी जा चुकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में घूम रहे हिंसक और आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों और अन्य ग्रामीणों के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
