नकली नोटों का खेल उजागर, 12.50 लाख की जाली करेंसी के साथ 3 गिरफ्तार

नकली नोटों का खेल उजागर, 12.50 लाख की जाली करेंसी के साथ 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। बोड़ला थाना, पोंडी चौकी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार बरामद की है।

उधारी की रकम के बदले थमाए 4.50 लाख के नकली नोट

मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के मुताबिक, उधारी की रकम वापस मिलने की उम्मीद में उन्हें 4.50 लाख रुपये के नोट दिए गए थे।9 अगस्त को उन्हें ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया गया। रात करीब 9 बजे दिनेश कुमार अपने परिचित के साथ मौके पर पहुंचे। वहां सतीश कुमार और उसका एक साथी काले रंग के बैग में रकम लेकर पहुंचे।नोटों की जांच करने पर दिनेश को शक हुआ। बैग खोलकर देखने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4.50 लाख रुपये के नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को उन्होंने पोंडी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में सामने आया नकली नोट छापने का नेटवर्क

शिकायत के बाद पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सतीश ने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें आगे खपाने की जानकारी दी।इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम को भी गिरफ्तार कर लिया।

किराए के कमरे में कलर प्रिंटर से तैयार करते थे नकली नोट

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जुलाई 2026 से नकली नोट तैयार कर रहे थे। इसके लिए रामप्रसाद उर्फ रमऊ ने नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था।पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को रामप्रसाद और सतीश ने कलर प्रिंटर खरीदा था। इसी प्रिंटर की मदद से किराए के कमरे में नकली नोट तैयार किए जाते थे।जांच के अनुसार, रामप्रसाद और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे, जबकि सतीश और रामप्रसाद इन नोटों को आगे पहुंचाने और खपाने का काम करते थे।

पुलिस ने 12.50 लाख रुपये की नकली करेंसी की जब्त

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के पास से कुल 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। इसके अलावा शिकायतकर्ता को दिए गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोट भी जब्त किए गए।इस तरह पुलिस ने कुल 12.50 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की है। इसके साथ एक कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, एक मोबाइल फोन और एक टाटा पंच ईवी कार भी जब्त की गई।

कबीरधाम पुलिस द्वारा बरामद नकली नोट, कलर प्रिंटर और आरोपियों से जब्त सामान

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  • सतीश कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।
  • रामप्रसाद उर्फ रमऊ, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
  • घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।

BNS की कई धाराओं में केस दर्ज

पोंडी चौकी और बोड़ला थाना में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179 और 318(4) में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 भी जोड़ी गई हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी नकली करेंसी तैयार की, इसके लिए जरूरी सामग्री कहां से हासिल की गई और नकली नोटों को किन-किन स्थानों पर चलाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट को स्वीकार करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें। नकली नोट या किसी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने की अपील की गई है।पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में साइबर थाना, बोड़ला थाना और पोंडी चौकी की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *