मध्य प्रदेश के गुना जिले के बीनागंज में तेल से भरे टैंकर के हाईवे पर पलटने के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। टैंकर से तेल बाहर निकलता देख आसपास के ग्रामीण बाल्टी और दूसरे बर्तन लेकर पहुंच गए और तेल भरकर ले जाने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला चाचौड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में महिलाओं समेत कई लोग टैंकर के आसपास बर्तन लेकर तेल भरते दिखाई दे रहे हैं।
रिफाइंड समझ तेल लेने पहुंचे लोग
टैंकर से तेल निकलता देखकर कई स्थानीय लोगों को लगा कि इसमें खाने वाला रिफाइंड ऑयल भरा है। इसके बाद लोग अपने घरों से बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते टैंकर के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई और लोग उसमें से तेल निकालकर अपने साथ ले जाने लगे।
टैंकर में था तारपीन का तेल
घटना के बाद सामने आई जानकारी ने पूरे मामले को और चौंकाने वाला बना दिया। गुना के एसपी प्रशांत सिंह सुमन ने स्पष्ट किया कि टैंकर में खाने वाला रिफाइंड तेल नहीं, बल्कि तारपीन का तेल भरा हुआ था। तारपीन का तेल खाने योग्य नहीं होता। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से औद्योगिक और अन्य गैर-खाद्य कार्यों में किया जाता है। ऐसे में बिना जानकारी के इसे घर ले जाना लोगों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
टैंकर पलटने के बाद लोगों के तेल ले जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग टैंकर से तेल निकालकर बाल्टियों और बर्तनों में भरते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। टैंकर किन परिस्थितियों में पलटा और हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है या नहीं, इसे लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
