साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म रहना है तेरे दिल में के मेकर वासु भगनानी के बेटे जैकी भगनानी जल्द ही इस फिल्म का सीक्वल लाने वाले हैं। जैकी फिल्म में 20 साल बाद की कहानी दिखाना चाहते थे हालांकि दिया मिर्जा, आर माधवन और सैफ अली खान को फिर एक साथ लाना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। इसके चलते जैकी ने कहानी को नए सिरे से शुरू करने का फैसला लेते हुए कृति सेनन को लीड रोल निभाने के लिए फाइनल किया है। 2001 की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई थी हालांकि जब फिल्म का टेलीविजन प्रीमियर हुआ तो लोगों ने फिल्म को खूब प्यार दिया।
रहना है तेरे दिल में के अलावा भी इस साल कई रीमेक और सीक्वल फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। आइए जानते हैं कौन हैं वो फिल्में-
हंगामा 2
शिल्पा शेट्टी जल्द ही फिल्म हंगामा 2 से एक्टिंग कमबैक करने वाली हैं। इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म में परेश रावल, मिजान जाफरी और प्रनिता सुभाष भी लीड रोल में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म हंगामा की सीक्वल फिल्म होने वाली है।
लाल सिंह चड्ढा
आमिर खान और करीना कपूर खान की अपकमिंग फिल्म लाल सिंह चड्ढा हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गम्प का हिंदी रीमेक है। फिल्म को 2020 में क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जाना था हालांकि लॉकडाउन के चलते फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं हो सकी। फिल्म को अद्वैत चंदन डायरेक्ट कर रहे हैं। 105 करोड़ रुपए के बजट में बन रही इस फिल्म को इस साल 2021 में रिलीज किया जाएगा।
जर्सी
अर्जुन रेड्डी की हिंदी रीमेक कबीर सिंह के बाद साल 2019 की साउथ फिल्म जर्सी का रीमेक लेकर आ रहे हैं। ये एक क्रिकेटर की कहानी है जो एक लंबे समय बाद कमबैक करते हैं। ओरिजिनल फिल्म में साउथ एक्टर हरीश कल्याण ने लीड रोल निभाया है।
रैंबो
सिद्धार्थ आनंद की फिल्म वॉर के बाद टाइगर श्रॉफ जल्द ही उनके डायरेक्शन में बनी फिल्म रैम्बो में नजर आएंगे। इस फिल्म का पहला लुक भी जारी कर दिया गया है। ये फिल्म 1982 में आई सिल्वेस्टर स्टेलॉन की फिल्म रैंबो का हिंदी रीमेक होने वाली है।
भूल भुलैया 2
साल 2007 में आई ब्लॉकबस्टर हॉरर कॉमेडी फिल्म भूल भुलैया ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। अब कार्तिक आर्यन इसके सीक्वल भूल भुलैया 2 में नजर आने वाले हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी लीड रोल में हैं। फिल्म को अनीस बज्मी डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म को साल 2020 में रिलीज किया जाने वाला था हालांकि कोरोना के चलते ऐसा नहीं हो सका। अब इस फिल्म को 19 नवम्बर 2021में रिलीज किया जाएगा।
दोस्ताना 2
साल 2008 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म दोस्ताना में प्रियंका चोपड़ा, अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम ने लीड रोल निभाया था। अगले साल इस फिल्म का सीक्वल दोस्ताना 2 रिलीज होने वाली है जिसमें जान्हवी कपूर, कार्तिक आर्यन और लक्ष्य लालवानी लीड रोल निभा रहे हैं। धर्मा प्रोडक्शन की इस फिल्म को हॉलीवुड डायरेक्टर कोलिन डीचुन्हा डायरेक्ट कर रहे हैं।

