कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। रजगामार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बेटे और उसके पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मौहार गांव निवासी चैत राम राठिया अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और छह वर्षीय बेटे दिशांत राठिया के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका परिवार डुमरडीह जंगल के पास पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में मासूम दिशांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चैत राम और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में पिता ने भी तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान चैत राम राठिया ने भी दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी सुमित्रा राठिया की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज आईसीयू में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- नशे में था कार चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार लोग शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। हादसे के बाद वे कुछ देर घटनास्थल पर रुके, लेकिन बाद में कार लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही रजगामार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार कार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक चैत राम राठिया अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभनपुर में भी सड़क हादसे में युवक की मौत
इधर, राजधानी रायपुर के अभनपुर-रायपुर मार्ग पर भी एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार धनेंद्र साहू, निवासी उपरपारा (अभनपुर), गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
