Headlines

महासमुंद में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में 2 महिलाओं की मौत

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे 53 पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास तेज रफ्तार कार पीछे से 16 चक्का ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि वे राजनांदगांव जिले के निवासी हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

शुक्रवार सुबह बावनकेरा चौक के पास कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

हादसे में घायल सभी पांच लोगों को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, ताकि हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी जारी है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *