बीजापुर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन्यप्राणी का मांस, संभावित रूप से नीलगाय का मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। यह कार्रवाई वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर 6 आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग को मुखबिर से नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन्यजीव शिकार से जुड़ी गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत संबंधित इलाके में टीम ने कार्रवाई की। 19 अगस्त 2026 को की गई कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन अपराध और अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए निगरानी और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में वनकर्मियों की सक्रियता बढ़ाई गई है और लगातार गश्त की जा रही है।विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी वन विभाग कार्यालय को दें।
