MP बोर्डः 10वीं के बाकी बचे विषयों की नहीं होगी परीक्षा, छात्र कर दिए जाएंगे पास

  • रिजल्ट में बाकी बचे विषयों के आगे लिखा जाएगा पास
  • कोरोना वायरस के संकट को देखते हुए लिया गया फैसला

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया है. मोदी सरकार ने इस जानलेवा वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन कर रखा है. स्कूल, कॉलेज, क्लब, मॉल समेत अन्य सार्वजनिक स्थल वीरान हो गए हैं. कोरोना वायरस के चलते स्कूल और कॉलेज की परीक्षाएं भी लटक गई हैं.

कोरोना के चलते बिगड़े हालात को देखते हुए छात्रों को बिना परीक्षा के पास किया जा रहा है. मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) ने भी 10वीं की अधूरी रह गई परीक्षा को नहीं कराने का फैसला लिया है. मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं के जो पेपर शेष रह गए है, अब वो नहीं होंगे. 10वीं के जो पेपर हो गए, उनके अंक के आधार पर रिजल्ट तैयार होगा.

जिन विषयों के पेपर नहीं हुए हैं, उनके आगे अब पास लिखा जाएगा. हालांकि माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की परीक्षा के जो पेपर शेष रह गए है, उनकी परीक्षा 8 जून से 16 जून के बीच होंगी. 19 मार्च 2020 से लेकर लॉकडाउन समाप्त होने तक की अवधि तक कोई भी निजी विद्यालय विद्यार्थियों से केवल ट्यूशन फीस ले सकेगा. इसके अलावा कोई भी अन्य फीस लेने की इजाजत नहीं है.

वहीं, भारत में लॉकडाउन के बावजूद कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. अब तक हिंदुस्तान में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 85 हजार 939 से ज्यादा हो चुकी है, जिनमें से 2 हजार 751 से ज्यादा लोग दम तोड़ चुके हैं. उधर, दुनियाभर में कोरोना वायरस के मरीजों का आंकड़ा 45 लाख 70 हजार 365 से ज्यादा हो चुकी है, जिनमें से 3 लाख 08 हजार 316 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

इस वैश्विक महामारी की सबसे ज्यादा चपेट में अमेरिका है. वहां कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 14 लाख 45 हजार से ज्यादा पहुंच चुकी है, जिनमें से 87 हजार 642 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. इसके बाद कोरोना से मौत के मामले में दूसरे नंबर पर ब्रिटेन हैं, जहां कोरोना से 34 हजार 545 से ज्यादा लोगों की जान गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *