ऑफ-रोड SUV पसंद करने वालों के लिए Mitsubishi ने अपनी आइकॉनिक Pajero को नए अवतार में पेश कर दिया है। करीब पांच साल के इंतजार के बाद कंपनी ने 5th Generation Mitsubishi Pajero का ग्लोबल डेब्यू किया है। नई Pajero को प्रीमियम इंटीरियर, मस्कुलर डिजाइन और ऑफ-रोड क्षमता के साथ 7-सीटर SUV के तौर पर तैयार किया गया है।
नई Pajero की अंतरराष्ट्रीय बिक्री की शुरुआत थाईलैंड से होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद इसे जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में उतारा जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन दोनों बाजारों में SUV मार्च 2027 के अंत तक बिक्री के लिए आ सकती है। भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Fortuner को दे सकती है टक्कर
अगर Mitsubishi नई Pajero को भारतीय बाजार में लॉन्च करती है, तो इसका मुकाबला Toyota Fortuner जैसी लोकप्रिय 7-सीटर SUVs से हो सकता है। नई Pajero का डिजाइन पुराने रेट्रो लुक से अलग रखा गया है और इसमें आधुनिक, आक्रामक स्टाइलिंग देखने को मिलती है। SUV का डिजाइन Mitsubishi Xforce और Destinator से प्रभावित नजर आता है। इसमें बड़ी फ्रंट ग्रिल, मस्कुलर व्हील आर्च और मजबूत लोअर बॉडी क्लैडिंग दी गई है। फ्लैट रूफलाइन और बड़ी खिड़कियों के चलते केबिन में बेहतर हेडरूम और विजिबिलिटी मिलने की बात कही गई है।

7 लोगों के बैठने की सुविधा
नई Pajero में 3-रो सीटिंग लेआउट दिया गया है, जिसमें सात लोग बैठ सकते हैं। सेकेंड रो की सीटों को 150 मिमी तक आगे-पीछे स्लाइड किया जा सकता है। इससे तीसरी रो के यात्रियों के लिए लेगरूम बढ़ाने के साथ जरूरत के मुताबिक बूट स्पेस को भी एडजस्ट किया जा सकता है। इंटीरियर में प्रीमियम लेदर सीट्स, सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड, ट्राई-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, रियर सनशेड और सेकेंड रो के लिए हीटेड सीट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। केबिन में बाहरी शोर को कम करने के लिए डबल-ग्लेज्ड साइड ग्लास और एकॉस्टिक विंडस्क्रीन का इस्तेमाल किया गया है।
14.3 इंच की बड़ी स्क्रीन और Yamaha साउंड सिस्टम
टॉप ट्रिम में 14.3 इंच की दो बड़ी टचस्क्रीन डिस्प्ले दी गई हैं, जबकि अन्य वेरिएंट में 12.3 इंच की स्क्रीन मिलने की जानकारी है। मनोरंजन के लिए 12-स्पीकर Yamaha प्रीमियम साउंड सिस्टम दिया गया है। तीनों रो में USB चार्जिंग पोर्ट भी उपलब्ध हैं। ऑफ-रोडिंग मोड और 4-व्हील-ड्राइव सिस्टम को कंट्रोल करने के लिए रोटरी डायल के साथ जरूरी फिजिकल बटन भी दिए गए हैं।
204hp पावर और 480Nm टॉर्क
नई Mitsubishi Pajero में 2.4-लीटर 4-सिलेंडर टर्बो-डीजल इंजन दिया गया है। यह इंजन 204hp की अधिकतम पावर और 480Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है। SUV को मजबूत बनाने के लिए इसके लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म में हाई-टेंसाइल स्टील का इस्तेमाल किया गया है। इससे वाहन की मजबूती और ऑफ-रोड क्षमता को बेहतर करने पर जोर दिया गया है।
भारत लॉन्च पर अभी सस्पेंस
Mitsubishi की नई 5th Generation Pajero को लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अगर कंपनी इसे भारतीय बाजार में उतारती है, तो प्रीमियम 7-सीटर SUV सेगमेंट में इसे Toyota Fortuner जैसे मॉडल से मुकाबला करना पड़ सकता है।
