अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित स्टेटन आइलैंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खराब मौसम के दौरान एक शख्स पर सीधे आसमानी बिजली गिर गई। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बिजली की चपेट में आने के बाद भी शख्स होश में रहा और खुद चलकर मदद मांगने के लिए पास के एक घर तक पहुंच गया।
कार से उतरने के कुछ देर बाद हुआ हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना टोड्ट हिल रोड पर उस समय हुई जब थॉमस फहमी खराब मौसम के बीच अपनी कार से बाहर निकले थे। वह कार से करीब 15 से 25 फीट दूर ही गए थे कि अचानक बिजली उनके ऊपर गिर गई। CCTV फुटेज में बिजली गिरने का पूरा मंजर दिखाई देता है। हादसे के बाद थॉमस ने शरीर में तेज जलन और झनझनाहट के साथ दोनों पैरों में असहनीय दर्द महसूस होने की बात बताई। इसके बावजूद उन्होंने अपना होश नहीं खोया और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
पड़ोसी महिला ने तुरंत की मदद
थॉमस की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली स्टेफनी होमन तुरंत बाहर आईं। उन्होंने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बताया गया कि बिजली गिरने के बावजूद थॉमस के शरीर पर जलने या गंभीर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिए। इसके बावजूद उन्हें तत्काल नॉर्थवेल स्टेटन आइलैंड यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें रातभर निगरानी में रखा और अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी।
अमेरिका में हर साल करोड़ों बार गिरती है बिजली
अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में हर साल करीब 3.7 करोड़ बार बिजली जमीन से टकराती है। किसी व्यक्ति पर बिजली गिरने की संभावना करीब 10 लाख में एक बताई जाती है और बिजली की चपेट में आने वाले लगभग 90 प्रतिशत लोग जीवित बच जाते हैं। हालांकि, बिजली गिरना बेहद गंभीर और जानलेवा घटना हो सकती है। इसीलिए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचने की सलाह दी जाती है।
सांसद के दफ्तर में काम करते हैं थॉमस
रिपोर्ट के अनुसार, थॉमस फहमी अमेरिकी सांसद निकोल मैलियोटाकिस के कार्यालय में काम करते हैं। उनके सुरक्षित बचने पर सांसद ने राहत जताई और उनकी मदद करने वाली पड़ोसी महिला तथा अस्पताल के मेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त किया। थॉमस ने इस घटना के बाद अपनी जिंदगी को देखने का नजरिया बदलने की बात कही। उनका कहना है कि अब वह जीवन के हर पल को खुशी के साथ जीना चाहते हैं और बेवजह तनाव नहीं लेना चाहते।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
CCTV फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना को देखकर हैरान हैं। कई लोग थॉमस के बचने को किसी चमत्कार से कम नहीं बता रहे हैं। कुछ यूजर्स ने उन्हें दूसरा जीवन मिलने की बात कही, वहीं कई लोगों ने हादसे के तुरंत बाद मदद करने वाली पड़ोसी महिला की भी तारीफ की।
