रायगढ़- जिले के खरसिया थाने के अंतर्गत शनिवार सुबह क्रेशर मालिक की कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर हत्या कर दी। उनका शव उनके ही क्रेशर में पड़ा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि खेत में स्टोन माइंस की धूल जाने और मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी को दोपहर में जंगल से गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका राजेश के साथ उसका 25 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर धारदार कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस करीब आधे घंटे बाद मामले का खुलासा करेगी। वहीं वारदात के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने दुकानें बंद कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, खरसिया टाउन निवासी राजेश अग्रवाल (57) का पानी पाखर में पत्थर की खदान और स्टोन क्रेशर है। वह रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी डस्टर कार से खदान पहुंचे थे। गाड़ी से उतरते ही किसी ने पीछे से धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से वह नीचे गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने एक के बाद एक गले और चेहरे पर कई वार कर दिए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
