विधायक और उसके बेटे पर महिला से रेप का आरोप

राजस्थान के उदयपुर संभाग से गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती (भील) के खिलाफ एक महिला ने दोबारा होटल में बंधक बनाकर रखने और दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। सुखेर थाने में दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसे और उसके 11 वर्षीय बेटे को होटल में बंधक बनाकर मारपीट की गई और दुष्कर्म किया गया। महिला ने विधायक पर योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी करने का भी आरोप लगाया है। सुखेर थाना पुलिस ने जांच के लिए मामला सीआईडी (सीबी) को भेज दिया है। बता दें कि गमेती भारतीय जनता पार्टी से विधायक हैं।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी विधायक उसे जयपुर में अपने निवास पर ले गया और प्रताप नगर के सरस्वती अपार्टमेंट के फ्लैट में रुकवाया। इस दौरान उसका ड्राइवर भी साथ था, जहां देह शोषण किया गया। जयपुर से गोगुंदा झाड़ोली गांव लगाया और रेखा नाम की महिला के घर पर रखा और 22 हजार रुपए भी छीन लिए।

सुखेर थाना क्षेत्र में झाड़ोली गोगुंदा निवासी विधायक प्रताप भील के खिलाफ पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर धारा 366, 376, 342, 323, 392, 384, 420 व 120बी में मामला दर्ज किया है। दर्ज एफआईआर में आरोप है, ‘विधायक प्रताप भील ने पीड़िता से समझौता करने का दबाव बनाया और पत्नी के रूप में रखने का वादा किया। एक दिन विधायक ने पीड़िता को अंबेरी पुलिया पर बुलाया और अपनी एसयूवी गाड़ी में बैठाकर गोगुंदा की ओर ले गया। इस दौरान 11 वर्षीय बेटा भी साथ था। दोनों को गोगुंदा में कीर्तिराज होटल में बंधक बनाकर रखा गया।’